गुमला । गुमला जिले के सिसई-छाड़दा मार्ग पर बुधवार शाम हुए सड़क हादसे में घायल उगरा गांव निवासी सुकरा उरांव की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को लोहरदगा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत उगरा गांव के कई लोग सिसई प्रखंड के लठदाग गांव में मेहमानी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटने के दौरान उनका ऑटो सिसई-छाड़दा मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जाता है कि सड़क पर अचानक एक बच्चा आ जाने से चालक ने उसे बचाने का प्रयास किया, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गया। हादसे में गोविंद गोप, सुकरा उरांव, पदुवा उरांव, तेतरी उरांव सहित कई लोग घायल हो गए थे। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से लोहरदगा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सुकरा उरांव को सबसे गंभीर चोटें लगी थीं। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है। गुरुवार को दोपहर करीब 1 बजे लोहरदगा सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इस दौरान सदर थाना के एसआई आदर्श कुमार ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
Type to search across all news & blogs
Categories ▼
Regions ▼
Blog





