कांची नदी किनारे बालू में दबा मिला 18 वर्षीय युवती का शव, क्षेत्र में सनसनी

बुंडू: दशम फॉल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांची नदी के किनारे सारजमडीह पुल के समीप एक 18 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव बालू से ढका हुआ था, जिसे देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही दशम फॉल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान खूंटी जिले के मारांगहादा थाना क्षेत्र के गटीगाड़ा गांव निवासी 18 वर्षीय हिस्सी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अड़की थाना क्षेत्र के बाड़ीगाड़ा गांव स्थित अपने मामा के घर में रह रही थी और पिछले एक सप्ताह से लापता थी।

प्रारंभिक जांच में युवती के गले और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं। शव भी क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है, जिससे मामले को संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मौत के कारणों और घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


JAY PRAKASH DAS JAY PRAKASH DAS · 23-06-2026 04:47 PM · 📍 Ranchi
Tags
Crime Ranchi News